Om Birla:महाराजा अग्रसेन कॉलेज के वार्षिकोत्सव में पहुंचे ओम बिड़ला, युवाओं को संस्कृति से जुड़ने की दी सलाह – Om Birla Urges Youth To Stay Connected To Their Roots At College Annual Fest
Om Birla: विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए जरूरी है कि युवा अपनी जड़ों से जुड़े रहें। युवा महाराजा अग्रसेन की नीतियों तथा सरदार पटेल और डॉ आंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लें। यह बातें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वंसुधरा एन्कलेव स्थित महाराजा अग्रसेन कॉलेज के वार्षिकोत्सव में कही।
उन्होंने छात्रों की प्रतिभा, शोध क्षमता और सीखने की प्रतिबद्धता की सराहना की। वह इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डीयू के दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो रजनी अब्बी रही, उन्होंने कॉलेज के सकारात्मक वातावरण और छात्रों के उत्साह की सराहना की।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो संजीव कुमार तिवारी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि 82 फीसदी से अधिक अंतिम वर्ष के छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस समारोह में विभिन्न अकादमिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों के लिए छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कई स्मृति पुरस्कार और छात्रवृत्तियां मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की गईं। कार्यक्रम में कॉलेज की विभिन्न पत्रिकाओं और प्रकाशनों का भी विमोचन हुआ।