दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू का शानदार अभियान मलयेशिया ओपन के सेमीफाइनल में समाप्त हो गया है। सिंधू को महिला एकल वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त चीन की वांग झीयी के खिलाफ हार मिली। सिंधू विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ दबाव को नहीं झेल सकीं और उन्होंने कई गलतियां की जिससे उन्हें 16-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय चुनौती समाप्त
पैर की चोट से उबरने के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहीं सिंधू ने दूसरे गेम में 11-6 की बढ़त ली थी, लेकिन इसके बाद वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं। सिंधू की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है। इससे पहले, क्वार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची के चोट के कारण बाहर होने से सिंधू ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। हालांकि, वह फाइनल में जाने से चूक गईं।