Iran Us War Live:ईरान का दावा- मार गिराया अमेरिका का एमक्यू-1 ड्रोन; ट्रंप बोले- मुझे समझौते की जल्दी नहीं – Iran Israel War Live Update West Asia Crisis Irgc Us Strike Iran Peace Deal Donald Trump Pakistan


10:52 AM, 31-May-2026

इस्राइली रक्षा मंत्री ने ब्यूफोर्ट कैसल पर कब्जा करने को बताया रणनीतिक जीत

इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि गोलानी ब्रिगेड के नेतृत्व में इस्राइली सेना ने लिटानी नदी के पार अभियान का विस्तार करने के बाद दक्षिणी लेबनान में ब्यूफोर्ट कैसल पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नेतन्याहू के निर्देश और मेरे मार्गदर्शन में सेना ने लेबनान में सैन्य अभियान का विस्तार किया। लिटानी नदी को पार किया और ब्यूफोर्ट रिज पर कब्जा कर लिया – जो गैलील समुदायों की रक्षा और हमारी सेनाओं की सुरक्षा बनाए रखने के लिए सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक बिंदुओं में से एक है।” वहीं, इस्राइल के दावे पर लेबनानी अधिकारियों की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है।

10:47 AM, 31-May-2026

दक्षिणी लेबनान में लड़ाई के दौरान एक इस्राइली सैनिक शहीद

इस्राइली सेना ने बताया कि शनिवार को दक्षिणी लेबनान में हुई लड़ाई में 21 वर्षीय एक सैनिक शहीद हो गया। सेना ने बताया कि इस घटना में चार अन्य सैनिक भी घायल हुए हैं। चैनल 12 ने बताया कि ड्रोन हमले में सैनिक शहीद हुआ।

08:16 AM, 31-May-2026

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले- ईरान के साथ समझौता करने की कोई जल्दी नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि उन्हें ईरान के साथ समझौता करने की कोई जल्दी नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका एक शानदार समझौता करेगा, और अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम वापस जाकर इसे सैन्य रूप से खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि वह समझौता करना पसंद करेंगे, क्योंकि इससे कई जानें बचेंगी और हम हस्ताक्षर करते ही होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोल सकते हैं।

उन्होंने ईरान के नेतृत्व को बहुत सख्त वार्ताकार बताते हुए कहा कि अमेरिका धीरे-धीरे अपनी मनचाही चीजें हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा, “इसमें काफी समय लगता है। मुझे कोई जल्दी नहीं है। अगर आप जल्दी में रहेंगे, तो आप कोई अच्छा सौदा नहीं कर पाएंगे। धीरे-धीरे, लेकिन निश्चित रूप से, मुझे लगता है कि हमें वह मिल रहा है जो हम चाहते हैं, और अगर हमें वह नहीं मिला जो हम चाहते हैं, तो हम इसे किसी और तरीके से खत्म करेंगे।”

08:13 AM, 31-May-2026

ईरान की ओर बढ़ रहे मालवाहक जहाज को अमेरिकी सेना ने निष्क्रिय किया: सेंटकॉम

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा है कि उसने गाम्बिया के झंडे वाले एक समुद्री जहाज को निष्क्रिय कर दिया, जो ईरान के एक बंदरगाह की ओर जा रहा था। सेंटकॉम ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, “सेंटकॉम बलों ने एम/वी लियान स्टार को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र से होकर ओमान की खाड़ी में स्थित एक ईरानी बंदरगाह की ओर जाते हुए देखा। जहाज को 20 से ज्यादा चेतावनियां दी गईं और उसे बताया गया कि वह अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन कर रहा है।”

बयान के अनुसार, “जब लियान स्टार के चालक दल ने निर्देशों का पालन नहीं किया, तो एक अमेरिकी विमान ने जहाज के इंजन कक्ष पर हेलफायर मिसाइल दागकर उसे निष्क्रिय कर दिया। अब यह जहाज ईरान की ओर आगे नहीं बढ़ रहा है।” समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सेंटकॉम ने कहा कि इस नौसैनिक नाकाबंदी के दौरान अमेरिकी सेना अब तक कुल पांच वाणिज्यिक जहाजों को निष्क्रिय कर चुकी है और 116 जहाजों का रास्ता बदल चुकी है।

08:12 AM, 31-May-2026

ईरान-अमेरिका तनाव बरकरार, आईआरजीसी ने अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार को एक बयान में कहा कि उसने अमेरिका के एमक्यू-1 ड्रोन को मार गिराया है। यह जानकारी इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी ने दी। रिपोर्ट के अनुसार, यह ड्रोन कथित तौर पर ईरान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में दाखिल हुआ था। आईआरजीसी ने कहा कि ड्रोन का तुरंत पता लगा लिया गया और उसे वायु रक्षा मिसाइलों से गिरा दिया गया।

इससे पहले मंगलवार को आईआरजीसी ने कहा था कि अगर अमेरिका युद्धविराम (सीजफायर) का उल्लंघन करता है, तो उसके पास जवाबी कार्रवाई करने का ‘वैध और निश्चित’ अधिकार सुरक्षित है। आईआरजीसी ने दावा किया था कि उसकी वायु रक्षा इकाइयों ने अमेरिका के एमक्यू-9 ड्रोन को भी मार गिराया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आईआरजीसी ने यह भी कहा कि उसने एक लड़ाकू विमान पर फायरिंग की, जो कथित तौर पर ईरानी हवाई क्षेत्र में घुस आया था। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान पर नए ‘आत्मरक्षा संबंधी हमले’ किए हैं।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, सोमवार को अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान में मिसाइल लॉन्च साइटों और बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश कर रही नौकाओं को निशाना बनाकर हमला किया। सेंटकॉम के प्रवक्ता टिम हॉकिन्स ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने दक्षिणी ईरान में आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई की है ताकि ईरानी बलों से पैदा होने वाले खतरों से अपने सैनिकों की रक्षा की जा सके।

07:51 AM, 31-May-2026

Iran US War Live: ईरान का दावा- मार गिराया अमेरिका का एमक्यू-1 ड्रोन; ट्रंप बोले- मुझे समझौते की जल्दी नहीं

पश्चिम एशिया में छिड़े संघर्ष अब चौथे महीने में प्रवेश करने वाला है। दुनियाभर के देशों की ओर से ईरान के साथ अमेरिका-इस्राइल के बीच छिड़ी इस जंग का कूटनीतिक हल निकालने की तमाम कोशिशें बेनतीजा रही हैं। पाकिस्तान की मध्यस्थता में एक ओर ईरान और अमेरिका के बीच पर्दे के पीछे शांति समझौते की सुगबुगाहट तेज थी। हालांकि, बीते कुछ दिनों में जमीनी हालात पूरी तरह बदल गए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से दक्षिणी ईरान में की गई ताजा सैन्य कार्रवाई ने चल रहे युद्धविराम को बेहद नाजुक मोड़ पर ला खड़ा किया है। डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी शर्तों, ईरान के पलटवार, पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशों और यूएई समेत खाड़ी देशों की बढ़ती बेचैनी के बीच पश्चिम एशिया के पल-पल बदलते घटनाक्रम की जानकारी के लिए बने रहिए अमर उजाला के साथ…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *