87 साल पुराना रिकॉर्ड कैसे टूटा?:रोनाल्डो की टीम ने रचा इतिहास? लगातार 94 मैच में गोल कर बनाया विश्व रिकॉर्ड – Cristiano Ronaldo Al-nassr Create Football History, Set World Record With 94-game Scoring Streak


क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम अल नस्र ने फुटबॉल की दुनिया में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे तोड़ना अब किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा। सऊदी प्रो लीग में अल खलीज के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ के दौरान गोल करते ही अल नस्र ने लगातार 94 मैचों में कम से कम एक गोल करने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस तरह टीम ने अर्जेंटीना के दिग्गज क्लब रिवर प्लेट का 93 मैचों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो 1936 से 1939 के बीच बना था।

94 मैच में लगातार गोल, रिवर प्लेट का रिकॉर्ड टूटा

अल नस्र का यह ऐतिहासिक सिलसिला दिसंबर 2023 में शुरू हुआ था। तब टीम को अल हिलाल के खिलाफ 0-3 से हार मिली थी। इसके अगले ही मुकाबले में अल नस्र ने अल रियाद को 4-1 से हराया और फिर टीम ने लगातार गोल करने का सिलसिला शुरू कर दिया।

अल खलीज के खिलाफ शनिवार को 72वें मिनट में अब्दुल्लाह अल-हमदान ने बराबरी का गोल दागकर इस रिकॉर्ड पर मुहर लगा दी। 27 वर्षीय हमलावर का यह गोल अल नस्र के लिए सिर्फ एक अंक बचाने वाला गोल नहीं था, बल्कि क्लब फुटबॉल के इतिहास में टीम को नई ऊंचाई देने वाला गोल भी बन गया।

रोनाल्डो की कप्तानी में बना रिकॉर्ड

इस पूरे 94 मैचों के सिलसिले के दौरान रोनाल्डो अल नस्र के कप्तान रहे हैं। पुर्तगाली स्टार ने 2023 में क्लब का दामन थामा था और तब से सऊदी प्रो लीग में 113 मैच खेल चुके हैं। इन मुकाबलों में उनके नाम 105 गोल हैं। हालांकि, रिकॉर्ड बनने के बावजूद अल नस्र अल खलीज के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सका। ड्रॉ के बाद टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई। वह अल हिलाल से दो और अल इत्तिहाद से एक अंक पीछे है।

रोनाल्डो पहले भी बना चुके हैं ऐसा रिकॉर्ड

रोनाल्डो के लिए लगातार गोल करने का यह सिलसिला नया नहीं है। रियल मैड्रिड के साथ अपने शानदार दौर में वह उस टीम का हिस्सा थे, जिसने अप्रैल 2016 से सितंबर 2017 के बीच लगातार 73 मैचों में गोल किया था। वह रिकॉर्ड सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर था, जबकि अल नस्र का नया रिकॉर्ड शीर्ष स्तर की लीग के लगातार मैचों का है।

41 साल के रोनाल्डो के लिए मौजूदा सत्र बेहद खास भी हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया है कि 2026-27 का सत्र पेशेवर फुटबॉल में उनका आखिरी सत्र हो सकता है। वह सीनियर स्तर पर आधिकारिक तौर पर 1000 गोल पूरे करने वाले इतिहास के पहले फुटबॉलर बनने की दौड़ में हैं। उनके नाम फिलहाल 979 गोल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *