जसपाल राणा के निधन से टूटीं मनु भाकर:कोच को श्रद्धांजलि देते वक्त हुईं भावुक, पोस्ट कर लिखा- अपूरणीय क्षति – Olympian Manu Bhaker Paid Tribute To Her Late Coach Jaspal Rana Emotional Post On Social Media
फ्लाइट में बिगड़ी थी तबीयत
जर्मनी से लौटने के बाद अचानक ही राणा की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका निधन हृदय की बीमारी के इलाज के दौरान हुआ। राणा म्यूनिख में आईएसएसएफ विश्व कप के बाद जर्मनी से लौटे थे। वह फिलहाल भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्य कर रहे थे। एनआरएआई ने उन्हें आधिकारिक तौर पर 25 मीटर पिस्टल इवेंट के लिए हाई-परफॉर्मेंस कोच नियुक्त किया था।
मनु की सफलता के पीछे था जसपाल का जुनून
भारत के पूर्व पिस्टल निशानेबाज जसपाल राणा ने असाधारण प्रतिभा के तौर पर सुर्खियों में आने के बाद जूनियर रिकॉर्ड तोड़ा और कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीते और उनकी इस यात्रा में उनका निशानेबाजी के प्रति जुनून और इसके प्रति समर्पण उनकी पहचान रही है। ओलंपिक पदक उनकी कैबिनेट में शामिल नहीं हो सका, लेकिन जब पेरिस ओलंपिक 2024 में मनु भाकर पोडियम पर खड़ी हुईं तो उनका सपना साकार हो गया था। जब पोडियम पर कांस्य पदक मनु के गर्दन में दमक रहा था तो जसपाल स्टैंड में तालियां बजा रहे थे।
पार्थिव शरीर को देखकर फूट-फूट कर रोईं मनु
मनु अपने कोच के इस तरह दुनिया से जाने से पूरी तरह टूटीं नजर आईं। जब वह राणा को श्रद्धांजलि देने उनके घर गईं तो अपने कोच का पार्थिव शरीर देखकर खुद को संभाल नहीं सकीं। मनु राणा के परिजनों से मिलते वक्त भी फूट-फूट कर रोईं। मनु जितनी देर वहां रहीं, उनके आंख से आंसू गिरते रहे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राणा को श्रद्धांजलि दी।



