करियर डायरीज:डूसू चुनाव में नाम से छेड़छाड़ करने पर गिरेगी गाज, अतिरिक्त अक्षर जोड़ने पर क्या होगी कार्रवाई? – Dusu Election: Action Likely For Tampering With Names On Posters
DU: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के दौरान पोस्टर और प्रचार सामग्री में नाम के आगे-पीछे अतिरिक्त अक्षर जोड़ने पर प्रॉक्टर कार्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। कुछ उम्मीदवार अपना नाम सूची में ऊपर दिखाने के लिए ए अक्षर लगा रहे हैं, जिसे नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है।
प्रॉक्टर मनोज सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा रहा है और अंतिम उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद नियम तोड़ने वालों पर अनुशासनात्मक व चुनावी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें उम्मीदवारी रद्द करना भी शामिल है।
विश्वविद्यालय ने छात्रों को दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों, एनजीटी के निर्देशों, लिंगदोह समिति की सिफारिशों और डूसू चुनाव सुधारों के तहत प्रचार नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। प्रॉक्टर कार्यालय ने स्पष्ट किया कि छोटी-छोटी अनियमितताओं को भी गंभीरता से लिया जाएगा।
डूसू चुनाव में उम्मीदवारों के लिए अभिभावक की सहमति अनिवार्य किए जाने के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अनन्या रतूड़ी और अक्षत शिखर ने बुधवार को अभिभावकों को अपने बच्चे के चुनाव लड़ने की अनुमति देने वाले नए हलफनामे को चुनौती दी है। आइसा ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्रों पर यह शर्त कैसे लागू की जा सकती है, जब कई छात्र स्वयं अपनी पढ़ाई और जीवन-यापन का खर्च उठाते हैं।