टी20 अंतरराष्ट्रीय में रिंकू सिंह ने खुद को एक बेहतरीन डेथ ओवर फिनिशर के रूप में साबित किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में उनकी नाबाद 44 रन की पारी एक और उदाहरण रही। रिंकू की खासियत है कि वह आखिरी ओवरों में गेंदबाजों पर टूट पड़ते हैं। रिंकू की बेहतरीन पारी की वजह से ही टीम इंडिया पहले टी20 में 20 ओवर में सात विकेट पर 238 रन का स्कोर खड़ा कर सकी। रिंकू के अलावा अभिषेक ने 84 रन बनाए। हालांकि, सवाल अभी भी यही है कि क्या रिंकू अगले महीने शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में भारतीय प्लेइंग-11 में जगह बना पाएंगे? आइए जानते हैं…
भारत की पारी
रिंकू ने 20 गेंद में चार चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 44 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 220 का रहा। वहीं, अभिषेक ने 35 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 84 रन बनाए। संजू सैमसन 10 रन, ईशान किशन आठ रन और कप्तान सूर्यकुमार यादव 22 गेंद में 32 रन बना सके। हार्दिक पांड्या ने 16 गेंद में 25 रन की पारी खेली। शिवम दुबे नौ रन ही बना सके।