एशियन गेम्स 2026:जापान पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम, फिर से स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी नजरें – Asian Games 2026: Indian Women’s Cricket Team Arrives In Japan; All Eyes On Winning The Gold Medal Again
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि उनकी खिलाड़ी एशियाई खेलों के अनूठे माहौल का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम हाल की अपनी सफलताओं को जारी रखने की प्रतिबद्धता के साथ जापान पहुंची है।
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने हाल ही में दुबई में टी20 एशिया कप का खिताब जीता था। अब उसका पूरा ध्यान एशियाई खेलों पर केंद्रित है जहां वह फिर से स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रतिबद्ध है। भारतीय टीम ने 2023 में हांगझोऊ में सोने का तमगा हासिल किया था।
मजूमदार ने अपने सहयोगी स्टाफ और टीम की कुछ सदस्यों के साथ यहां पहुंचने के बाद कहा, ‘टीम एशियाई खेलों में भाग लेने को लेकर उत्साहित है। वह इस बहु खेल प्रतियोगिता का पूरा आनंद लेना चाहती है।’ टीम के जो सदस्य कोचिंग स्टाफ के साथ यहां पहुंचे हैं उनमें तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ और स्पिनर श्री चरणी भी शामिल हैं। टीम के बाकी सदस्यों के दोपहर बाद यहां पहुंचने की संभावना है।
मजूमदार ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनके खिलाड़ी विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के साथ रहने, खेल गांव के माहौल और कई खेलों वाली प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा करने का पूरा आनंद लें। उन्होंने कहा, ‘टीम को एशियाई खेलों के माहौल का अनुभव हासिल करने का बेसब्री से इंतजार है। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी इसका भरपूर आनंद लें।’
उन्होंने यह भी कहा कि टीम को आवास को लेकर कोई समस्या नहीं है। भारतीय टीम का हाल में प्रदर्शन शानदार रहा है। उसने टी20 एशिया कप जीता है और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान 22 वर्षीय श्री चरणी का प्रदर्शन शानदार रहा।
बाएं हाथ की स्पिनर ने एशिया कप में 12 विकेट लिए जिनमें श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में लिए गए चार विकेट भी शामिल हैं। अपनी लगातार अच्छी गेंदबाजी के चलते उन्होंने केवल 30 मैचों में ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50 विकेट का आंकड़ा पार कर लिया है। महिला क्रिकेट में केवल आठ टीम भाग ले रही हैं और भारत अपने अभियान की शुरुआत क्वार्टर फाइनल से करेगा।