एशियन गेम्स:भारतीय कबड्डी टीम ने कायम रखा दबदबा, पुरुष टीम ने पदक पक्का किया, महिलाएं भी जीतीं – India Continued Their Dominant Run In Kabaddi At The Asian Games Men’s And Women’s Team Won Matches


भारत ने एशियन गेम्स की कबड्डी स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखा और महिला तथा पुरुष टीमों ने बुधवार को अपने अपने ग्रुप मैच में क्रमश: ईरान और बांग्लादेश को हराया। पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के एक और पदक पक्का कर लिया। खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय महिला टीम ने 2018 स्वर्ण पदक विजेता ईरान को दूसरे ग्रुप मैच में 37-23 से हराया। पुरुष टीम ने ग्रुप ए के तीसरे मैच में बांग्लादेश को 48-25 से मात दी।

महिला टीम की कोच प्रदर्शन से संतुष्ट

महिला कोच नीता डाडवे ने मैच के बाद कहा, ‘हमने ईरान के खिलाफ काफी रणनीति बनाई थी। पहली बार हम 10 से अधिक अंक से जीते हैं। इससे पहले सारे मुकाबले करीबी रहे हैं।’ यह पूछने पर कि भारत को कौन हरा सकता है, उन्होंने कहा, कोई नहीं। हम विश्व में नंबर एक हैं और यह हमारा खेल है। इसकी शुरुआत भारत में हुई। हमारे पास बेहतरीन खिलाड़ी, तकनीक, रफ्तार और दमखम के साथ आत्मविश्वास है।

इससे पहले भारतीय टीम ने शुरुआती मैच में बांग्लादेश को 42-21 से मात दी थी। अब भारत का सामना गुरुवार को जापान से होगा। भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले ही हाफ में 29-9 की बढ़त बना ली थी। बांग्लादेश ने दूसरे हाफ में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वापसी नहीं कर सके। पुरुष टीम ने इससे पहले जापान को 49-24 से और दक्षिण कोरिया को 63-31 से हराया था। पुरुष टीम अब चीनी ताइपे से खेलेगी। भारत की दोनों टीमों ने पिछली बार हांग्झू खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *