Fifa:फुटबॉल की वैश्विक संस्था ने इस्राइल पर क्यों लगाया जुर्माना? मैक्सिको में नहीं होंगे ईरान के विश्वकप मैच – Fifa Fines Israeli Soccer Federation For Breaching Anti-discrimination Regulations
फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा ने भेदभाव विरोधी नियमों का उल्लंघन करने के लिए इस्राइल फुटबाल महासंघ पर जुर्माना लगाया है। लेकिन वेस्ट बैंक की बस्तियों में स्थित क्लबों को अनुमति देने के लिए इस्राइल को वैश्विक फुटबाल से निलंबित करने के फलस्तीन के अनुरोध पर कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं, फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने ईरान के विश्व कप मैचों को अमेरिका से मैक्सिको में स्थानांतरित करने की संभावनाओं को खारिज कर दिया है।
इन्फेंटिनो ने कहा कि फीफा चाहता है कि टूर्नामेंट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़े। फीफा ने इस दौरान फलस्तीनी फुटबाल महासंघ की दो अलग याचिकाओं पर विचार किया। फीफा ने इस्राइल फुटबाल संघ पर भेदभाव और नस्लीय दुर्व्यवहार के साथ अपमानजनक व्यवहार और निष्पक्ष खेल के सिद्धांतों के उल्लंघन से संबंधित अनुशासनात्मक आरोपों के लिए 190,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 18 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया। फीफा ने फलस्तीनियों के बहिष्कार के लिए जिम्मेदार ठहराया।
नहीं बदलेगा फीफा विश्व कप का कार्यक्रम
ईरान की सरकार ने कहा था कि वह विश्व कप का बहिष्कार नहीं करना चाहती, लेकिन 28 फरवरी से इस्त्राइल और अमेरिका की ओर से किए गए सैन्य हमलों के कारण राष्ट्रीय टीम का अमेरिका आना संभव नहीं है। टीम को इंगलेवुड स्थित लॉस एंजिलिस रैम्स स्टेडियम में दो मैच और सिएटल में एक मैच खेलना है। इन्फेंटिनो ने कहा, ‘हमारे पास एक कार्यक्रम है और हम चाहते हैं कि फीफा विश्वकप निर्धारित समय पर हो।’ द्वितीय विश्व युद्ध के बाद वैश्विक अराजकता के बीच ब्राजील में आयोजित 13 टीमों के विश्व कप के बाद से किसी भी टीम ने विश्व कप में प्रवेश से इन्कार नहीं किया है।