Ai Impact Summit 2026:दिल्ली में दिखा भविष्य का भारत, समझदार कार से लेकर कृष्ण के एआई अवतार तक; देखें झलक – India Ai Impact Summit 2026 Tata Autonomous Car google Ai Cricket Coach Physical Ai Robo Dog Industrial Robot
राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के एक्सपो सेंटर में भारत के तकनीकी भविष्य का खाका खींचा गया है। ‘पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस’ के तीन मूल मंत्रों पर आधारित इस समिट में यह साफ हो गया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब केवल कोडिंग या क्लाउड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह फिजिकल एआई के रूप में सड़कों, खेल के मैदानों और यहां तक कि अध्यात्म में भी उतर आया है।
अमर उजाला की टीम ने जब एक्सपो की पड़ताल की तो यह साफ हो गया कि एआई अब महज हाइप से आगे बढ़कर एप्लीकेशन और सोल्यूशन के दौर में प्रवेश कर चुका है।
मोबिलिटी के भविष्य के रूप में सामने आई टाटा की समझदार कार
ऑटोमोबाइल सेक्टर में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टाटा ग्रुप ने ऑटोनॉमस ड्राइविंग का एक ऐसा प्रोटोटाइप पेश किया है जो सुरक्षा के मानकों को नए सिरे से परिभाषित कर रहा है। यह केवल एक सेल्फ-ड्राइविंग कार नहीं है, बल्कि एक ‘इंटेलीजेंट को-पायलट’ यानी एक समझदार कार का नमूना है।
प्रदर्शनी में दिखाए गए डेमो के अनुसार, यह कार ‘V2X’ वीकल टू एवरीथिंग तकनीक से लैस है। उदाहरण के लिए, घने कोहरे में जब दृश्यता शून्य होती है, तो इसके रेडार और सेंसर मिली-सेकंड में निर्णय लेकर ब्रेक लगा सकते हैं। सबसे खास इसका ‘ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम’ है, जो चालक के चेहरे पर 200 से अधिक पॉइंट्स को स्कैन करता है। यदि ड्राइवर को ‘माइक्रो स्लीप’ या झपकी आती है, या कोई मेडिकल इमरजेंसी होती है, तो कार खुद को सुरक्षित रूप से इमरजेंसी लेन में पार्क कर देगी। इसके अलावा, यह एंबुलेंस को पहचानकर उसे रास्ता देने और पीछे चल रही गाड़ियों को अलर्ट भेजने में भी सक्षम है।