परिसीमन:’हार के डर से 2029 की तैयारी में जुटी सरकार’, राउत का दावा; सांसदों की खरीद फरोख्त का लगाया आरोप – Delimitation Government Preparing For 2029 Amid Fear Of Defeat Raut Alleges Mp Horse Trading


संसद सत्र चर्चा में है। इस बीच शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के सांसद संजय राउत ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सांसदों की खरीद-फरोख्त के लिए एक राष्ट्रीय खरीद-फरोख्त शेयर बाजार चल रहा है। इसके एजेंट अलग-अलग राज्यों में घूम रहे हैं।

संजय राउत ने दावा किया कि सांसदों के दल-बदल और क्रॉस वोटिंग के लिए 150 करोड़ रुपये की कीमत तय की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इस विधेयक को इतनी तेजी से क्यों आगे बढ़ा रही है? राउत ने कहा कि यह सब 2029 की तैयारी है।

परिसीमन विधेयक पर विपक्ष क्या फैसला करेगा?

राउत ने संसद सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जो भी फैसला होगा, वह इंडिया ब्लॉक के भीतर लिया जाएगा।

राउत ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने दम पर फैसला नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, ‘अगर मैं इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हूं और मैं इसका सदस्य हूं, तो हम सभी को मिलकर फैसला करना चाहिए। सभी को यही तरीका अपनाना चाहिए’।

ये भी पढ़ें: संसद सत्र: परिसीमन विधेयक पर बदले वाईएसआरसीपी समेत विपक्षी दलों के सुर; क्या भाजपा को मिलेगा दो-तिहाई बहुमत?

उन्होंने बताया कि कल ही (समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष) अखिलेश यादव जी और (शिवसेना, उद्धव  बालासाहेब ठाकरे के प्रमुख) उद्धव जी के बीच चर्चा हुई थी। उद्धव जी दूसरे नेताओं से भी बातचीत कर रहे हैं। राउत ने कहा, सभी को एकजुट रहना चाहिए। यह संकट का समय है। देश संकट का सामना कर रहा है। यह कोई व्यक्तिगत संकट नहीं है।

हार के डर से विधेयक लाने का आरोप

संसद सत्र पर संजय राउत ने एक और आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को एहसास हो गया है कि वह 2029 में हारने वाली है। राउत के मुताबिक, इसी वजह से सरकार ने एक नई चाल चली है। वह 860 सांसदों को लाने और परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करने की योजना बना रही है। 

उन्होंने कहा, यह विधेयक देश-विरोधी और लोकतंत्र-विरोधी है। इसका विरोध किया जाना चाहिए। राउत ने कहा, जो लोग इस विधेयक के पक्ष में मतदान करेंगे, वे देश के गद्दार होंगे। उनके नाम इतिहास में गद्दारों के रूप में दर्ज होंगे’।

संजय राउत ने आगे दावा किया कि झारखंड के एक सांसद को एजेंट के तौर पर महाराष्ट्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के एक अन्य एजेंट को भी महाराष्ट्र लाया गया है। राउत के मुताबिक, ये लोग 150 करोड़ रुपये के सौदों को संभालने के लिए यहां आए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *